थैलेसीमिया व सिकलसेल पीड़ितों की मदद के लिए किया रक्तदान

जबलपुर। थैलेसीमिया, सिकलसेल सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों की मदद के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थैलेसीमिया जनजागरण समिति, हेल्पिंग हैंड एवं वीणा गारमेंट और पुरुस्वानी परिवार के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत वीणा गारमेंट के प्रतिष्ठान में कार्यरत स्टॉफ ने स्वेच्छा से रक्तदान कर पीड़ित मानवता की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।रक्तदान के दौरान दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए रक्तदान किया। रक्त संग्रहण का कार्य मेडिकल ब्लड बैंक की टीम द्वारा किया गया।इस दौरान रक्तदाताओं ने कहा कि उनका यह छोटा सा प्रयास किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस अवसर पर थैलेसीमिया जनजागरण समिति एवं हेल्पिंग हैंड के पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के अन्य संस्थानों और प्रतिष्ठानों को भी इस तरह की पहल के लिए आगे आना चाहिए। वहीं  रक्तदान करने वाले कर्मचारियों ने भी इसे मानव सेवा का अवसर बताते हुए कहा कि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान करने से बड़ी सेवा कोई नहीं है।