जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब गोपाल होटल के पास चार बदमाशों ने एक पिता-पुत्र को निशाना बनाते हुए ईंट-पत्थर बरसाए और घर के बाहर सुअरमार बम फेंक दिया। बम घर के पास फटने के बाद पिता-पुत्र ने परिवार के साथ घर के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई। इसके बाद भी आरोपी काफी देर तक घर का दरवाजा पीटते रहे। घटना की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।घमापुर पुलिस के अनुसार रामकुमार बेन मजदूरी करता है। गुरुवार शाम करीब 5 बजे वह अपने घर से सड़क की तरफ बेटे सुरेंद्र को बुलाने के लिए गया था। इसी दौरान उसने देखा कि हानी, शनि, मनी और चिन्ना नाम के चार युवक उसके बेटे सुरेंद्र को खदेड़ रहे थे।रामकुमार और सुरेंद्र अपनी जान बचाकर घर की ओर भागे। आरोप है कि चारों बदमाशों ने पीछा करते हुए उनके घर की तरफ ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।हमले के दौरान आरोपियों ने घर के पास सुअरमार बम भी फेंका, जो घर के नजदीक जाकर फट गया। अचानक हुए इस हमले से परिवार में दहशत फैल गई। रामकुमार अपने बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर के अंदर चला गया और दरवाजा बंद कर लिया।आरोपियों ने इसके बाद भी घर का दरवाजा पीटा, लेकिन परिवार ने डर के कारण दरवाजा नहीं खोला। कुछ देर बाद आरोपी वहां से चले गए।घटना के बाद रामकुमार ने घमापुर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगा रही है। वहीं, बम किसने और किस उद्देश्य से फेंका, इसकी भी जांच की जा रही है।