जबलपुर। बरगी हाईवे पर खड़े ट्रकों और भारी वाहनों से डीजल चोरी करने तथा विरोध करने पर चालकों के साथ लूट और डकैती की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बरगी पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कार्पियो वाहन, छह कुप्पियों में भरा करीब 210 लीटर डीजल और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले घातक औजार जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को बरगी नगर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मनकेड़ी स्थित सिंचाई विभाग के पुराने खंडहरनुमा कमरे के बाहर काले रंग की स्कार्पियो खड़ी है। वाहन में डीजल से भरी कुप्पियां रखी हैं और कमरे के अंदर पांच व्यक्ति बैठकर बरगी हाईवे पर खड़े ट्रकों एवं हाईवा से डीजल चोरी करने तथा चालकों से लूटपाट और डकैती की योजना बना रहे हैं। आरोपियों के पास लोहे की सब्बल, स्टील पाइप, पेचकस और अन्य औजार भी मौजूद हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज एवं नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस टीम ने मनकेड़ी स्थित पुराने खंडहर की घेराबंदी की। वहां बाहर खड़ी काले रंग की स्कार्पियो की तलाशी लेने पर उसमें डीजल से भरी कुप्पियां मिलीं। अंदर बैठे पांचों व्यक्ति हाईवे पर खड़े ट्रक और हाईवा से डीजल निकालने तथा विरोध करने पर चालकों के साथ लोहे की छड़ों और पाइप से मारपीट कर लूटपाट करने की चर्चा कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे। इस दौरान दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि तीन को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय रजा अली उर्फ राजा, 23 वर्षीय मोहम्मद साहिल और 18 वर्षीय साहिल मंसूरी, तीनों निवासी रजा चौक, हनुमानताल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने फरार साथियों के नाम रिजवान उर्फ छोटा पठान निवासी रजा चौक, हनुमानताल और शेरू खान निवासी गोहलपुर बताए। स्कार्पियो वाहन रिजवान का बताया गया है, जिसे घटना के समय वही चला रहा था।
पांच-छह ट्रकों से चुराया था डीजल…….
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 5 और 6 नवंबर की दरम्यानी रात नागपुर-जबलपुर हाईवे पर पांच-छह ट्रकों से डीजल चोरी कर छह कुप्पियों में भरा था। स्कार्पियो में कुल दस कुप्पियां रखी थीं, जिनमें छह में करीब 210 लीटर डीजल मिला, जबकि चार कुप्पियां खाली थीं। आरोपियों की योजना उसी रात दोबारा ट्रकों से डीजल चोरी करने के साथ चालकों को निशाना बनाकर लूट और डकैती करने की थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कार्पियो वाहन, करीब 210 लीटर डीजल से भरी छह कुप्पियां, चार खाली कुप्पियां, लोहे की सब्बल, स्टील के दो पाइप, पेचकस, पाना एवं अन्य औजार जब्त किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 287, 310(4) एवं 310(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।