जबलपुर। श्री वृहत महाकाली महोत्सव समिति कालीधाम, गढ़ाफाटक में परंपरा के अनुसार सावन के अंतिम सोमवार को धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर में 51 फुट का विशाल ध्वज विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद चढ़ाया गया। ध्वज जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा।
ध्वज अर्पण के बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर महाप्रसादी ग्रहण की। भंडारे में कढ़ी-चावल, हलवा सहित विभिन्न प्रसाद वितरित किए गए।आयोजन के दौरान भक्तों ने पूजा-अर्चना कर माता महाकाली से सुख-समृद्धि की कामना की। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचे और धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।