जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली स्कॉर्पियो कार से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद हुई। कार एनएच-30 पर रामपुर नर्सरी के पास पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त मिली थी। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसके अंदर 25 कार्टून में 1250 पाव देशी शराब रखी मिली। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस ने शराब के साथ घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 09 व्ही 7688 को भी जब्त कर लिया है। मौके पर वाहन चालक या अन्य कोई व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त मिली स्कॉर्पियो
थाना प्रभारी गोसलपुर भावना तिवारी के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की रात पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रामपुर नर्सरी के पास काले रंग की स्कॉर्पियो पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एनएच-30 के किनारे स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 09 व्ही 7688 क्षतिग्रस्त हालत में मिली। वाहन का सामने का कांच, बोनट और हेडलाइट क्षतिग्रस्त थे। आसपास तलाश करने पर वाहन से संबंधित कोई व्यक्ति मौके पर नहीं मिला।
पीछे रखे थे शराब के 25 कार्टून
पुलिस ने जब स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो पीछे की तरफ कार्टून रखे मिले। जांच करने पर इनमें कुल 25 कार्टून में 1250 पाव देशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने वाहन से कुछ दस्तावेज भी बरामद किए हैं। इनमें सामने वाली सीट के पास सौरभ यादव के नाम का आधार कार्ड, भूपेंद्र रोहत के नाम पर वाहन के रजिस्ट्रेशन कार्ड की छायाप्रति तथा सामने के क्षतिग्रस्त कांच में लगा एसबीआई फास्टैग शामिल है।
दस्तावेजों के आधार पर जांच आगे बढ़ी
पुलिस ने शराब, स्कॉर्पियो और वाहन से मिले दस्तावेजों को जब्त कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। वाहन से मिले दस्तावेजों के आधार पर भी जांच की जा रही है।पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।