जबलपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जबलपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शनों की तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार हजार नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 34 हजार 300 रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम जितेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि 28 नवंबर को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति फोर्ड फिगो कार में भारत पेट्रोल पंप के पीछे गोयल टिमटी गेट के सामने नशीले इंजेक्शन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर कार सवार दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कार में रखे चार पीले थैलों से 10 एमएल के एविल इंजेक्शन की दो हजार शीशियां और दो एमएल के टैल्जेसिक इंजेक्शन के दो हजार नग बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने उक्त इंजेक्शन प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से लाकर फुटकर में नशेड़ियों को बेचने की बात स्वीकार की।पुलिस ने बेलबाग क्षेत्र के तुलसी मोहल्ला निवासी 36 वर्षीय जयंत राय और 41 वर्षीय अमित पैगवार को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।पुलिस के मुताबिक जयंत राय के खिलाफ पूर्व में ड्रग एक्ट और मारपीट के 10 मामले दर्ज हैं तथा उसके विरुद्ध एनएसए की कार्रवाई भी हो चुकी है। वहीं अमित पैगवार के खिलाफ ड्रग एक्ट सहित दो अपराध दर्ज हैं।