संविधान रक्षा मार्च में एकजुट दिखी कांग्रेस, सारे दिग्गज जबलपुर में गरजे, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

जबलपुर। संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने जबलपुर में संविधान रक्षा मार्च निकालकर संविधान, लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा का संकल्प दोहराया। गोलबाजार में संविधान की प्रस्तावना के वाचन के साथ शुरू हुआ मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सिविक सेंटर पहुंचा, जहां आयोजित जनसभा में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। नेताओं ने आरोप लगाया कि मौजूदा दौर में लोकतांत्रिक संस्थाओं, संसदीय परंपराओं और संविधान में दिए गए नागरिक अधिकारों के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।

ये रहे शामिल……..

मार्च में बेलगाड़ी में सवार होकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, पूर्व सांसद नकुल नाथ, पूर्व कैबिनेट मंत्री यशवर्धन सिंह, विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व मंत्री तरुण भनोत, पूर्व विधायक विनय सक्सेना, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव और नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा सहित प्रदेश एवं जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के नेता शामिल हुए।
जनसभा में कांग्रेस ने आरक्षण के संरक्षण, महिला अधिकारों, सामाजिक न्याय और कथित वोट चोरी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। नेताओं ने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के अधिकारों की बुनियाद है। इसकी रक्षा के लिए राजनीतिक दलों के साथ आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है।

संसद सत्र में देरी पर विवेक तन्खा ने उठाए सवाल ….

राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 20 नवंबर के बाद संसद का सत्र शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक सत्र को लेकर स्पष्ट सूचना नहीं मिलना संसदीय परंपराओं के लिहाज से उचित नहीं है। तन्खा ने आरोप लगाया कि संसद सत्र को लेकर अनिश्चितता सांसदों का अपमान है। उनके मुताबिक, संसद को निर्धारित परंपराओं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुसार चलाया जाना चाहिए, न कि सत्तारूढ़ दल की सुविधा और विधेयकों को पारित कराने की रणनीति के आधार पर।
उन्होंने कहा कि संसद देश की सर्वोच्च विधायी संस्था है, जहां जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और सरकार की जवाबदेही तय होती है। ऐसे में संसद की कार्यवाही को लेकर पारदर्शिता और समयबद्धता जरूरी है।

भाजपा नेताओं को अंबेडकर को पढ़ना चाहिए : सिंघार ….

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा पर संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश चलाने और संविधान की बात करने से पहले भाजपा नेताओं को डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और उनकी किताबों को पढ़ना चाहिए।
सिंघार ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए सवाल किया कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा के बावजूद इसे लागू करने में देरी क्यों हो रही है। उन्होंने परिसीमन के मुद्दे पर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि संविधान में महिलाओं, वंचित वर्गों और समाज के कमजोर तबकों को अधिकार दिए गए हैं। इन अधिकारों का उद्देश्य सामाजिक न्याय और समान अवसर सुनिश्चित करना है। इन्हें केवल भाषणों और घोषणाओं तक सीमित रखने के बजाय व्यवहार में लागू किया जाना चाहिए।
सिंघार ने कहा कि संविधान की भावना तभी मजबूत होगी, जब हर नागरिक को उसके अधिकारों का वास्तविक लाभ मिले और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भागीदारी सुनिश्चित हो।

लोकतंत्र व्यवस्था पर सवालिया निशान : पटवारी …..

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संविधान दिवस को देश के लिए पवित्र अवसर बताते हुए कहा कि संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता की नैतिक जिम्मेदारी है।
पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार, भाजपा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में व्यवस्थित तरीके से कथित वोट चोरी का तंत्र विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे नागरिकों के मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का वोट है। यदि मताधिकार की निष्पक्षता पर संकट पैदा होता है, तो यह संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
उन्होंने जबलपुर की ऐतिहासिक और राजनीतिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह शहर क्रांति की धरती रहा है। यहां मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की मुख्य पीठ स्थित है, इसलिए जबलपुर से संविधान की रक्षा का संकल्प लेना विशेष महत्व रखता है। पटवारी ने कहा कि संविधान की रक्षा केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश के भविष्य और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने का सवाल है।

मुख्यमंत्री आखिर क्या बचाना चाहते है : अजय सिंह राहुल….

पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान रक्षा अभियान की शुरुआत दिल्ली के रामलीला मैदान से की थी। इसके तहत देशभर में अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पहले जबलपुर में होने वाला यह आयोजन भोपाल में प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसे जबलपुर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अजय सिंह राहुल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की लोकतंत्र बचाओ यात्रा पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री आखिर क्या बचाना चाहते हैं, यह उनकी समझ से परे है।
उन्होंने जबलपुर में जमीन से जुड़े एक मामले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री की यात्रा पर तंज कसा और सवाल उठाया कि कहीं इस यात्रा का उद्देश्य किसी जमीन के मामले को बचाना तो नहीं है।

लंबे समय बाद एकजुट नजर आई कांग्रेस…..

संविधान रक्षा मार्च के दौरान कांग्रेस की एकजुटता भी चर्चा का विषय रही। लंबे समय बाद पार्टी के विभिन्न गुटों, जिला इकाइयों और विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता एक मंच पर सक्रिय नजर आए।
जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मार्च को सफल बनाने के लिए मेहनत की। गोलबाजार से लेकर सिविक सेंटर तक कार्यकर्ताओं की भागीदारी और नेताओं की मौजूदगी ने पार्टी के संगठनात्मक प्रयासों को जमीन पर प्रदर्शित किया।
प्रदेश और जिला स्तर के प्रमुख नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बना दिया। कांग्रेस ने इस आयोजन के जरिए संविधान और लोकतंत्र के मुद्दे पर अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के साथ ही भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संदेश दिया।