विधायक अशोक रोहाणी ने रांझी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, साफ-सफाई, मरीजों को भोजन की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश


जबलपुर। शासकीय अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति और मरीजों को मिलने वाले उपचार की गुणवत्ता परखने के लिए कैंट विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने शासकीय अस्पताल रांझी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए चिकित्सकों की कमी, साफ-सफाई, मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और अस्पताल स्टाफ के व्यवहार से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान आकर्षित किया। निरीक्षण के दौरान विधायक रोहाणी ने कहा कि शासकीय अस्पताल गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। यहां उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा, स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक भोजन और सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था हो तथा मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए। चिकित्सकों और कर्मचारियों को मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने की हिदायत भी दी। विधायक ने स्पष्ट किया कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए अस्पताल की व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी और समीक्षा जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष पुष्पराज सिंह सेंगर, एमआईसी सदस्य एवं पार्षद दामोदर सोनी, पार्षद अनुराग दहिया, श्रीमती संतोषी ठाकुर, हेमराज सराठे, सुधीर बेन, बंटी रजक, कैलाश रजक, विनय राठौर, पप्पू सोनकर, राजा ठाकुर एवं मनोज सबरवाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।