पति के कथित प्रताड़ना से परेशान पत्नी बेटी के साथ फांसी झूली


जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के नर्मदा नगर में मां और 10 वर्षीय बेटी की मौत के मामले में अब कई गंभीर पारिवारिक आरोप सामने आए हैं। 40 वर्षीय अंजना कुशवाहा और उनकी मासूम बेटी मुस्कान की मौत के बाद मायके पक्ष ने अंजना के पति पर लंबे समय से मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना देने के आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि पति के लगातार तानों, मारपीट और चरित्र पर संदेह करने जैसी बातों से अंजना परेशान रहती थी। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने की बात भी सामने आई है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।

2013 में किया था प्रेम विवाह……

परिजनों के मुताबिक, अंजना ने वर्ष 2013 में मनीष कुशवाहा से प्रेम विवाह किया था। दोनों पिछले सात-आठ वर्षों से नर्मदा नगर में रह रहे थे। मृतका की भाभी दीपिका पटेल ने आरोप लगाया कि मनीष कोई काम-धंधा नहीं करता था और उसका किसी अन्य महिला से संबंध था। इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था। आरोप है कि मनीष अंजना और बच्चों के साथ मारपीट करता था तथा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इतना ही नहीं, अंजना को मायके जाने से भी रोका जाता था और उसके चरित्र को लेकर अभद्र टिप्पणियां की जाती थीं।

सिलाई कर पाल रही थी बच्चों का पेट……

परिजनों के अनुसार, अंजना पिछले करीब पांच वर्षों से सिलाई का काम करके अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। परिवार में एक बेटा और बेटी थे। घटना के बाद परिवार के सामने मासूम बच्चों के भविष्य का सवाल भी खड़ा हो गया है।

घर के कमरे में मां-बेटी के शव मिले…

पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर की शाम अंजना के बेटे को पड़ोस में रहने वाली महिला ने फोन कर मां और बहन के फांसी लगाने की सूचना दी थी। जानकारी मिलने पर परिजन घर पहुंचे तो कमरे में छत के पंखे से साड़ी के फंदे पर अंजना और मुस्कान के शव मिले। सूचना पर गोहलपुर पुलिस ने दोनों के मामलों में अलग-अलग मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

सुसाइड नोट की जांच……

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। परिजनों के आरोपों और घटनास्थल से कथित रूप से मिले सुसाइड नोट को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस मृतका के बेटे और अन्य परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। सुसाइड नोट की सामग्री और उसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विवेचना कर रही है।