बसानिया परियोजना से 42 गांवों की बदलेगी तस्वीर, 100 मेगावाट बिजली भी बनेगी


*भोपाल।** मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल मंडला और डिंडौरी जिलों में सिंचाई, पेयजल और बिजली उत्पादन की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नर्मदा नदी पर प्रस्तावित बसानिया बहुउद्देशीय परियोजना महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इस परियोजना से दोनों जिलों के 42 गांवों की 8,780 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जबकि 143 मिलियन घन मीटर पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही 100 मेगावाट बिजली का उत्पादन भी प्रस्तावित है।परियोजना के पर्यावरणीय प्रभाव आकलन (ईआईए) को लेकर 27 नवंबर 2026 को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। डिंडौरी जिले के पांगनिया गांव में एसडीओ की ओर से जनसुनवाई होगी, जबकि मंडला जिले के बिलगरहा रैयत गांव में भी अलग से जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसमें परियोजना से प्रभावित गांवों के लोगों की राय, सुझाव और आपत्तियां सुनी जाएंगी।नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) की इस प्रस्तावित परियोजना का उद्देश्य नर्मदा जल विवाद न्यायाधिकरण के फैसले के तहत मध्यप्रदेश को आवंटित नर्मदा जल का बेहतर उपयोग करना है। बांध का निर्माण स्थल मौजूदा बरगी बांध से लगभग 120 किलोमीटर ऊपर और निर्माणाधीन राघवपुर बहुउद्देशीय परियोजना से नीचे प्रस्तावित है।

42 गांवों को सिंचाई, 143 एमसीएम पेयजल की सुविधा**

परियोजना के माध्यम से मंडला और डिंडौरी जिले के 42 गांवों की कुल 8,780 हेक्टेयर कृषि भूमि को सीधे सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा दोनों जिलों के लिए 143 एमसीएम पेयजल का प्रावधान किया गया है। बिजली उत्पादन के लिए 25-25 मेगावाट की चार इकाइयां स्थापित होंगी, जिनसे कुल 100 मेगावाट बिजली पैदा की जाएगी।

बरगी बांध की जल भंडारण क्षमता बढ़ाने में भी मिलेगी मदद**

बसानिया परियोजना का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य बरगी बांध की जल भंडारण व्यवस्था को मजबूत करना भी है। बरगी बांध की लेफ्ट बैंक कैनाल (एलबीसी) और राइट बैंक कैनाल (आरबीसी) का पूरा नेटवर्क विकसित होने के बाद बांध में पानी का न्यूनतम स्तर 412.50 मीटर बनाए रखना आवश्यक होगा। पहले यह स्तर 403.50 मीटर निर्धारित था। जलस्तर बढ़ाने की आवश्यकता के चलते बांध की उपयोगी जल भंडारण क्षमता लगभग 900 एमसीएम कम हो गई है।

ऐसी स्थिति में प्रस्तावित बसानिया और राघवपुर जलाशय बरगी बांध के लिए फीडर रिजर्वायर की तरह काम करेंगे। इन जलाशयों से बरगी में पानी की आवक बढ़ेगी और अतिरिक्त जल भंडारण की सुविधा मिलेगी। इसका लाभ बरगी परियोजना की राइट बैंक मेन कैनाल (आरबीएमसी) को भी मिलेगा। इसके माध्यम से करीब 60 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता बेहतर हो सकेगी। इस नहर का प्रस्तावित कमांड एरिया लगभग 2.45 लाख हेक्टेयर है।

**84 मीटर ऊंचा और 1190 मीटर लंबा होगा बांध**

परियोजना के तहत 1,190 मीटर लंबा बांध बनाया जाना प्रस्तावित है। इसमें 229.5 मीटर लंबा स्पिलवे भी शामिल होगा। बांध की अधिकतम ऊंचाई 84 मीटर होगी। इससे बनने वाले जलाशय की कुल भंडारण क्षमता 1,786 एमसीएम और उपयोगी जल भंडारण क्षमता 1,430 एमसीएम निर्धारित की गई है।परियोजना के डिजाइन में मानसून के बाद नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखने के लिए पानी का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा नीचे की ओर छोड़ने का भी प्रावधान किया गया है।

**32.60 किलोमीटर पाइपलाइन से खेतों तक पहुंचेगा पानी**

सिंचाई व्यवस्था के लिए 32.60 किलोमीटर लंबा प्रेशराइज्ड पाइपलाइन नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इसमें राइजिंग और ग्रेविटी पाइपलाइन के साथ वितरण नेटवर्क भी शामिल रहेगा। इस व्यवस्था के माध्यम से 2.5 हेक्टेयर तक की चक इकाइयों में पानी पहुंचाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य रबी सीजन में किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है।

**छह साल में निर्माण, रोजगार और मछली पालन को मिलेगा बढ़ावा**

परियोजना का निर्माण कार्य पूरा होने में लगभग छह साल लगने का अनुमान है। निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही परिवहन, व्यापार और निर्माण से जुड़े अन्य कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है।
जलाशय बनने के बाद मछली पालन की संभावनाएं भी विकसित होंगी, जिससे स्थानीय लोगों को आजीविका का अतिरिक्त साधन मिलेगा। कुल मिलाकर बसानिया बहुउद्देशीय परियोजना से मंडला और डिंडौरी के आदिवासी अंचलों में कृषि, पेयजल, बिजली उत्पादन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।