जबलपुर। शहर में अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लार्डगंज पुलिस ने शताब्दीपुरम में एक युवक को देशी पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पिस्टल कमर में खोंसकर घूम रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल और दो कारतूस जब्त किए हैं।थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने बताया कि 23 नवंबर की देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि शताब्दीपुरम में कथई रंग की जैकेट और काली पेंट पहने एक युवक अवैध पिस्टल लेकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।पूछताछ में आरोपी की पहचान 22 वर्षीय रूपेश पटेल पिता राजेश पटेल, निवासी पंजाब बैंक कॉलोनी, दमोह नाका, पटेल आटा चक्की के पास, थाना कोतवाली के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी कमर में खोंसी हुई देशी पिस्टल और पेंट की दाहिनी जेब में दो कारतूस मिले। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने पिस्टल और कारतूस कहां से तथा किससे प्राप्त किए थे।