जबलपुर। केंद्रीय संचार मंत्रालय द्वारा जबलपुर से स्पीड पोस्ट नेशनल सॉर्टिंग हब का दर्जा वापस लिए जाने पर नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने कड़ी आपत्ति जताई है। मंच के अध्यक्ष डॉ. पी.जी. नाजपांडे ने कहा कि शहर को डाउनग्रेड किए जाने से बीते एक वर्ष से उपभोक्ता और न्यायालयीन प्रक्रिया, दोनों स्पीड पोस्ट में देरी का खामियाजा भुगत रहे हैं।
**क्या था आदेश**
मंत्रालय ने 20 नवम्बर 2025 को आदेश जारी कर जबलपुर सहित देश के 20 नेशनल सॉर्टिंग हब को डाउनग्रेड किया। ये हब पूरे देश में सीधे स्पीड पोस्ट भेजते थे। अब इन्हें केवल इन्द्रा सर्कल हब (क्षेत्रीय हब) बनाया गया है। यह आदेश 24 नवम्बर 2025 से लागू है।
**सागर होकर पहुंच रही डाक**
मंच के अनुसार अब जबलपुर की स्पीड पोस्ट डाक देश के विभिन्न शहरों में सीधे नहीं जाती। उसे पहले ट्रांसमिशन सेंटर सागर भेजा जाता है, जहां एकत्र कर गंतव्यों के लिए रवाना किया जाता है। मंच ने इसी को देरी की वजह बताया है।
**मध्यप्रदेश में अकेले जबलपुर पर गाज**
मंच का कहना है कि प्रदेश में जबलपुर, भोपाल, इंदौर और ग्वालियर, ये चार नेशनल स्पीड पोस्ट हब थे। ग्वालियर सबसे छोटा है, फिर भी उसे डाउनग्रेड नहीं किया गया और अकेले जबलपुर को किया गया। मंच ने इसे जबलपुर के साथ भेदभाव बताया। अब जबलपुर से स्पीड पोस्ट सीधे केवल छिन्दवाड़ा, मण्डला और बालाघाट भेजी जाती है।
**हाईकोर्ट वाले शहर में न्यायिक कामकाज प्रभावित**
मंच ने सवाल उठाया कि देरी होने की जानकारी के बावजूद जबलपुर को डाउनग्रेड क्यों किया गया। उसका कहना है कि हाईकोर्ट जबलपुर में है, इसलिए नोटिस और अन्य दस्तावेज समय पर न पहुंचने से पूरी न्यायालयीन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।बैठक में डॉ. पी.जी. नाजपांडे, रजत भार्गव, एड. वेदप्रकाश अधौलिया, मनीष शर्मा, डी.आर. लखेरा, अशोक नामदेव, यशवंत कोष्टा और पी.एस. राजपूत आदि उपस्थित थे।