जबलपुर। सिकलसेल बीमारी से जूझ रही 8 वर्षीय बच्ची के लिए चिकित्सा जगत से राहत भरी खबर सामने आई है। तीन वर्षों से नियमित रूप से रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया से गुजर रही बच्ची का सफल बोन मैरो ट्रांसप्लांट (बीएमटी) किया गया। इस उपचार में बच्ची का सगा भाई डोनर बना। मैच्ड सिबलिंग डोनर (एमएसडी) तकनीक से किए गए प्रत्यारोपण के बाद दसवें दिन ही बोन मैरो में सफल एंग्राफ्टमेंट हुआ। इसके बाद बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति में लगातार सुधार हुआ और उसे अस्पताल से सफलतापूर्वक छुट्टी दे दी गई।
मेडिकल कॉलेज की शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर श्वेता पाठक ने बताया कि इस जटिल उपचार प्रक्रिया में चिकित्सकों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बच्ची का पिछले तीन वर्षों से सिकल सेल बीमारी के कारण नियमित रक्ताधान किया जा रहा था। बोन मैरो ट्रांसप्लांट के माध्यम से बीमारी के स्थायी उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। प्रत्यारोपण के बाद बच्ची की स्थिति सामान्य रही और उसे किसी बड़ी जटिलता का सामना नहीं करना पड़ा। इस उपलब्धि पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ नवनीत सक्सेना, अधीक्षक डॉ राजेश जैन, बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ पवन घनघोरिया एवं पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ मोनिका लाजरस के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उपचार में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ संदीप और डॉ अनामिका, जूनियर रेजिडेंट डॉ साक्षी नेमा सहित बीएमटी इकाई की नर्सिंग, सफाई एवं रखरखाव टीम का विशेष योगदान रहा। इस सफलता को सिकलसेल से पीड़ित बच्चों के उपचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। एक ओर जहां बच्ची को नया जीवन मिला, वहीं परिवार में भी खुशियों और उम्मीद की नई किरण लौटी है।