जबलपुर। तिलवारा रोड स्थित संग्राम सागर पार्क (बाजना मठ) के पास नाबालिगों के एक गुट ने कोचिंग में पढ़ने वाले अपने ही परिचित छात्र अम्मू तिवारी को घेरकर चाकू और बेल्ट से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब 15 से 16 नाबालिगों ने छात्र को घेरकर बेरहमी से मारपीट की। हमले में उसके पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल छात्र को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों और घायल छात्र के बीच पहले से किसी विवाद की बात सामने नहीं आई है। इसके बावजूद नाबालिगों के समूह ने छात्र को निशाना बनाकर हमला किया। घटना के दौरान चाकू और बेल्ट से मारपीट किए जाने का वीडियो भी सामने आया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने पर तिलवारा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल छात्र के बयान दर्ज किए। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस घटना ने शहर में नाबालिगों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति, आपराधिक गतिविधियों और खुलेआम हो रही गुंडागर्दी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।