जबलपुर। शहर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थानों पर चाकूबाजी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। गोरखपुर थाना क्षेत्र के मंडावा बस्ती स्थित शिवाजी नगर में आंगनबाड़ी केंद्र के सामने आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने एक ऑटो चालक को घेरकर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में अमीन अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घायल अमीन अंसारी के अनुसार, वह अपने ऑटो में काम करवा रहा था। इसी दौरान कट्टू खान और हरिओम अपने छह-सात साथियों के साथ वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने उसे पीछे से घेर लिया और संभलने का मौका दिए बिना चाकुओं से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग निकले।दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सार्वजनिक स्थान पर आधा दर्जन से अधिक हमलावरों द्वारा युवक पर हमला किए जाने से स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। घायल की शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस वारदात के कारणों और हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।