पुष्य नक्षत्र में खरीददारी के लिए सज गये बाजार, बाजारों में धनतेरस के पहले बरस जायेगा धन


जबलपुर। एक बार फिर धनतेरस दीपावली से पूर्व आज बाजार गुलजार रहेंगे। ऐसा इसलिए होने की उम्मीद है कि इस वर्ष 01 नवंबर को रवि पुष्य नक्षत्र पर अद्भुत और अति संयोग बन रहा है। इस शुभ संयोग में खरीददारी का विशेष महत्व रहेगा। वह फलदायी और स्थायी रहेगी। ज्योतिषियों के मुताबिक पुष्य नक्षत्र के समय जो भी वस्तु खरीदी जाती है, वह शुभ रहती है। इस संयोग को देखकर बाजार में खासा उत्साह देखा जा रहा है और धनतेरस के पूर्व खरीददारी के लिये बाजार जमकर सज गया है।
ज्योतिषाचार्य पीएल गौतमाचार्य का कहना है कि पुष्य नक्षत्र में शुभ मुहूर्त में खरीदी गई वस्तु फलदायी होती है। इस साल रवि पुष्य नक्षत्र है। जिसमें धातु, सोना, खासतौर से चांदी की खरीदारी अति शुभ मानी गई है। श्री गौतमाचार्य बताते है कि ऐसी वस्तुए, फिल्टर, ग्लास, जग जिनका उपयोग पेय पदार्थो के लिए उपयोगी हो उनकी खरीददारी करना अत्यंत शुभकारी होगा और ऐसी वस्तुएं स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को दूर करेगी। ज्योतिषियों के मुताबिक अमृत सिद्ध योग के दिन इलेक्ट्रानिक्स से संबंधित वह समान खरीदें, जो रसोई के उपयोग में लाया जा सके। चिमनी, फ्रिज, माइक्रोवेब ऑटोमेटिक प्रेशर कुकर आदि की खरीददारी की जा सकती है। खरीदे गये समान और आभूषणों की पूजा लक्ष्मी पूजन में करने की सलाह दी गई है। ज्योतिषाचार्य पीएल गौतमाचार्य ने बताया कि दीपावली में बही खातों का अपना एक अलग महत्व है। धनतेरस पर बही खाते का पूजन कर दीपावली के पश्चात बही खाता शुभ मुहूर्त में लिखा जाता है और इसे पुष्य या रवि नक्षत्र में ही लाया जाता है। लिहाजा आज पड़ने वाले इस शुभ मुहूर्त में बही खाता भी खरीदे जा सकते हैं। व्यापारी गणों को अतिशुभ मुहूर्त में बही खाते भी खरीद लेना चाहिए।