जबलपुर। मदनमहल थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। आरोपी लोहे के बॉक्स में शराब भरकर बिक्री के लिए रखे हुए था। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर 250 पाव देशी शराब और बैगपाइपर ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 22 बोतलें बरामद की हैं।पुलिस के अनुसार 29 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दिन्नू उर्फ दिनेश विश्वकर्मा निवासी शर्मा आटा चक्की के पास शिवनगर, गौरैया प्लॉट मदनमहल में सौरभ कुशवाहा के घर के सामने लोहे के बॉक्स में बड़ी मात्रा में शराब रखकर बेचने की तैयारी में है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।पूछताछ में उसने अपना नाम दिनेश उर्फ दिन्नू विश्वकर्मा (40) बताया। उसके कब्जे में रखे लोहे के बॉक्स का ताला खुलवाया गया तो उसमें सात कार्टून मिले। इनमें पांच कार्टून में 50-50 पाव के हिसाब से कुल 250 पाव देशी शराब और दो कार्टून में बैगपाइपर अंग्रेजी शराब की 22 बोतलें रखी थीं। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।