बिना नंबर की कार से 17 पेटी अवैध शराब जब्त, चालक फरार, सिद्धबाबा मोड़ के पास गाड़ी छोड़ कर कार चालक अंधेरे में फरार


जबलपुर। चरगवां थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की सफेद कार से 17 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। पुलिस को देखकर चालक कार लेकर भागने लगा। पीछा किए जाने पर वह सिद्धबाबा मोड़ के पास कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों में भाग निकला। पुलिस ने शराब और कार जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।


चरगवां थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे के अनुसार, 28 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोटेगांव की ओर से चरगवां की तरफ आ रही बिना नंबर की सफेद कार में भारी मात्रा में शराब का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने सनेर नदी मोड़ के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान गोटेगांव की ओर से संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की।


पुलिस टीम ने कार का पीछा किया। चालक ने मेन रोड पर सिद्धबाबा मोड़ के पास कार खड़ी कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग गया। पुलिस ने आसपास तलाश की, लेकिन चालक का पता नहीं चल सका। कार की तलाशी लेने पर उसकी सीटों और डिक्की में शराब की 17 पेटियां रखी मिलीं।


पुलिस के मुताबिक, जब्त शराब में गोवा ब्रांड के 250 पाव, मैकडॉवेल्स व्हिस्की के 144 पाव, ओल्ड मंक रम के 48 पाव, मैकडॉवेल्स रम के 240 पाव, ब्लैक बकार्डी रम के 48 पाव, आइकॉनिक व्हाइट व्हिस्की की 12 बोतल और बडवाइजर बीयर के 24 केन शामिल हैं। इस तरह कुल 730 पाव, 12 बोतल और 24 केन बीयर बरामद की गईं। पुलिस ने शराब के साथ कार भी जब्त कर ली है।कार चालक के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।