जबलपुर। रेल यात्रियों को यात्रा के दौरान सुरक्षा का अतिरिक्त विकल्प देने के लिए शुरू की गई वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना को जबलपुर रेलवे स्टेशन पर पहले ही दिन सकारात्मक प्रतिसाद मिला। 27 अक्टूबर से आरक्षण काउंटरों पर भी यह सुविधा शुरू की गई है। पहले दिन जबलपुर स्टेशन पर 56 यात्रियों ने टिकट बुक कराते समय वैकल्पिक बीमा सुविधा का लाभ लिया।
पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल के अनुसार, अब तक यह योजना भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के माध्यम से ई-टिकट बुक करने वाले पात्र यात्रियों के लिए उपलब्ध थी। योजना का विस्तार यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटरों तक किए जाने से अब काउंटर से आरक्षित टिकट लेने वाले यात्री भी अपनी इच्छानुसार बीमा सुविधा चुन सकेंगे।
45 पैसे के प्रीमियम पर 10 लाख रुपये तक का कवर….
योजना के तहत निर्धारित पात्रता और पॉलिसी की शर्तों के अनुसार, सभी करों सहित प्रति यात्री मात्र 45 पैसे के प्रीमियम पर 10 लाख रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध है। रेल दुर्घटना अथवा पॉलिसी में निर्धारित घटनाओं के कारण मृत्यु, स्थायी पूर्ण दिव्यांगता और अन्य पात्र परिस्थितियों में बीमा लाभ का प्रावधान है। हालांकि, बीमा राशि का भुगतान पॉलिसी की शर्तों और पात्रता के अनुरूप ही किया जाएगा।
बीमा लेना अनिवार्य नहीं…..
रेलवे के मुताबिक, वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना पूरी तरह ऐच्छिक है। इच्छुक यात्रियों को टिकट आरक्षण के समय अपना वैध मोबाइल नंबर देना होगा और बीमा प्रीमियम का भुगतान डिजिटल माध्यम से करना होगा। पॉलिसी से संबंधित विवरण पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे जाएंगे।
जबलपुर रेल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि आरक्षण काउंटर से टिकट लेते समय इस योजना की जानकारी प्राप्त करें और अपनी जरूरत के अनुसार बीमा सुविधा का विकल्प चुनें। मंडल का कहना है कि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।