पहले चाकू मारा फिर चला दी गोली, लार्डगंज कछियाना में वारदात से दहशत का माहौल


जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र के कछियाना इलाके में सोमवार देर रात शराब पीने के लिए पैसे देने से इनकार करने पर बदमाशों ने एक युवक पर पहले चाकू से हमला किया उसके बाद पिस्तौल से फायर कर दिया, गोली युवक के घुटने में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
लार्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य के अनुसार, कछियाना निवासी तरुण मिर्गे से सोमवार रात करीब 11:30 बजे कुछ बदमाशों ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। तरुण ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों से उसका विवाद हो गया। आरोपियों ने पहले तरुण पर चाकू से वार किए और फिर पिस्तौल से गोली चला दी। गोली उसके घुटने में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल तरुण को निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली उसके पैर में फंसी थी, जिसे ऑपरेशन कर निकाला गया। लार्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।