माता-पिता के निधन के बाद दो बेटियों की शिक्षा के लिए जिला साहू समाज ने दी ₹50 हजार की सहायता*

जबलपुर। जिला साहू समाज, जबलपुर के शिक्षा सहायता कोष द्वारा माता-पिता को खो चुकी दो छात्राओं की शिक्षा में सहयोग के लिए सराहनीय पहल की गई। समाज की ओर से स्वर्गीय संदीप साहू की पुत्रियों समृद्धि साहू (कक्षा 11वीं) एवं सृष्टि साहू (कक्षा 5वीं) को स्कूल फीस के लिए ₹25,000-₹25,000, कुल ₹50,000 की आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से प्रदान की गई।ग्रीन सिटी, जबलपुर निवासी दोनों छात्राओं के माता-पिता का निधन हो चुका है। ऐसे कठिन समय में उनकी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रहे और उनके भविष्य को संवारने में सहयोग मिल सके, इसी उद्देश्य से जिला साहू समाज ने यह सहायता प्रदान की।

इस अवसर पर समाज के संरक्षक श्री प्रभात साहू ने कहा कि यह साहू समाज की सराहनीय पहल है। जरूरतमंद एवं विपरीत परिस्थितियों का सामना कर रहे बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना समाज का महत्वपूर्ण दायित्व है। ऐसे प्रयासों से बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और समाज में सेवा, सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना मजबूत होती है।कार्यक्रम में जिला साहू समाज के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र कुमार साहू, उपाध्यक्ष श्री डी.के. साहू, प्रचार मंत्री श्री राज साहू, शिक्षा सहायता कोष के अध्यक्ष श्री सुबोध साहू तथा सदस्य श्री रवि साहू, श्री प्रीतम लाल साहू एवं डॉ. निशा साहू उपस्थित रहे।जिला साहू समाज की यह पहल सामाजिक सहयोग और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरक उदाहरण है। समाज ने जरूरतमंद छात्राओं की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।