विद्युत कर्मियों से बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कराने पर आयोग ने लिया संज्ञान


जबलपुर। शहर के गढ़ा क्षेत्र में बिजली के खंभों पर कर्मचारियों से बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कराए जाने के मामले में मध्यप्रदेश मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर स्थित महाप्रबंधक से जांच कराकर दो सप्ताह में कार्रवाई प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ठेकेदार द्वारा कर्मचारियों से 20 से 25 फुट ऊंचे बिजली के खंभों पर काम कराया जाता है, लेकिन उन्हें हेलमेट, सुरक्षा हार्नेस और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते। ऐसे में कर्मचारियों की जान पर खतरा बना रहता है। पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी किए जाने की बात सामने आई है।
मध्यप्रदेश मानवाधिकार आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय की प्रभारी फरजाना मिर्जा ने बताया कि मीडिया रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने जनहित में स्वतः संज्ञान लिया है। भोपाल स्थित आयोग की मुख्यपीठ में सुनवाई के दौरान अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह की एकलपीठ ने प्रथम दृष्टया इसे मानवाधिकारों के हनन का मामला मानते हुए विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक से जांच और की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।