बरेला के बम्हनी गांव में भाजपा के दो गुटों के बीच खूनी संग्राम, 11 घायल


जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनी तिराहे पर पुरानी रंजिश के बीच दो पक्षों में हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों ओर से चाकू, लोहे की रॉड और डंडे चलने से 11 लोग घायल हो गए, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटनाक्रम की खास बात यह है कि विवाद में आमने-सामने आए दोनों पक्षों के लोग भारतीय जनता पार्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं। एक पक्ष से भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रवेश पटेल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से जनपद सदस्य रामेश्वर साहू हैं, जिनकी पत्नी रानी साहू जिला पंचायत सदस्य हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुकान पर विवाद, फिर चाकू से हमले का आरोप………

बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह के अनुसार, ग्राम बम्हनी निवासी 28 वर्षीय किसान प्रवेश पटेल ने शिकायत में बताया कि वह रात करीब 8:30 बजे प्रदीप साहू की दुकान पर पहुंचा था। वहां रामेश्वर साहू, प्रहलाद साहू, लखन साहू, दिनेश साहू और उनके कुछ साथी प्रदीप साहू के साथ विवाद कर रहे थे।
प्रवेश पटेल के मुताबिक, उसने रामेश्वर साहू से विवाद करने का कारण पूछा तो रामेश्वर ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने लगा। अपना बचाव करते हुए प्रवेश ने उसे धक्का दिया, जिसके बाद आरोप है कि रामेश्वर साहू ने जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे प्रदीप साहू, दिलीप साहू, पिंकी साहू, संध्या साहू और जगदीश साहू पर भी रामेश्वर साहू, उसके भाइयों और साथियों ने रॉड व डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में जगदीश साहू के बेहोश होने की बात भी सामने आई है।
इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 118(1), 296(बी), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

500 रुपये के नोट से शुरू हुआ ……….

दूसरे पक्ष की ओर से ग्राम बम्हनी निवासी 22 वर्षीय ड्राइवर राहुल झारिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उसके अनुसार, वह रात करीब 9:30 बजे अंकित साहू के साथ प्रदीप साहू की किराना दुकान पर गुटखा लेने गया था। उसने राजश्री खरीदने के बाद 500 रुपये का नोट दिया। राहुल का आरोप है कि दुकानदार ने उसे 40 रुपये वापस किए, जबकि उसने 440 रुपये वापस मांगे। इसी बात पर विवाद बढ़ गया।
राहुल के मुताबिक, प्रदीप साहू ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। वहां खड़े शेखर राव और प्रवेश पटेल भी मारपीट करने लगे। आरोप है कि जब रामेश्वर साहू, दिनेश साहू और प्रहलाद साहू बीच-बचाव करने पहुंचे, तो प्रदीप साहू, शेखर राव और प्रवेश पटेल ने मिलकर रॉड व डंडों से राहुल झारिया, रामेश्वर साहू, दिनेश साहू, लखन साहू और प्रहलाद साहू पर हमला कर दिया।
इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुरानी रंजिश से बढ़ा मामला….

बम्हनी की इस घटना में दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश होने की बात भी सामने आ रही है। प्रवेश पटेल भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष हैं, जबकि रामेश्वर साहू जनपद सदस्य हैं और उनकी पत्नी रानी साहू जिला पंचायत सदस्य हैं। दोनों पक्षों की राजनीतिक पहचान के कारण मामला स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है।
हालांकि, पुरानी रंजिश की वास्तविक वजह क्या है और विवाद के पीछे राजनीतिक कारणों की कोई भूमिका है या नहीं, यह पुलिस जांच का विषय है। फिलहाल दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और हमले के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिए हैं।
एक ही घटनाक्रम से जुड़े विवाद में दोनों पक्षों की ओर से गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद अब पुलिस के सामने घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की चुनौती है।
फिलहाल, 11 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों पर कार्रवाई जारी है और जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।