पोलियो मुक्त विश्व के संकल्प के साथ जबलपुर में निकलेगी जागरूकता रैली

जबलपुर।* बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने और समाज में टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के तत्वावधान में 24 अक्टूबर को जबलपुर में पोलियो जागरूकता रैली निकाली जाएगी। विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर आयोजित यह रैली सुबह 8 बजे राइट टाउन स्टेडियम के सामने से प्रारंभ होकर मालवीय चौक पर संपन्न होगी। इसमें शहर के विभिन्न रोटरी क्लबों के सदस्य, स्कूली विद्यार्थी, उनके परिजन और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।रैली के माध्यम से नागरिकों को पोलियो उन्मूलन के महत्व, बच्चों के नियमित टीकाकरण और भावी पीढ़ी को इस बीमारी से सुरक्षित रखने का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि जनभागीदारी और निरंतर जागरूकता के जरिए ही पोलियो मुक्त विश्व के लक्ष्य को मजबूती प्रदान की जा सकती है।
रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के मध्यप्रदेश डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रोटे नितिन जैन ने बताया कि पोलियो उन्मूलन रोटरी इंटरनेशनल के प्रमुख वैश्विक अभियानों में शामिल है। इस दिशा में लगातार प्रयास, टीकाकरण के प्रति जागरूकता और समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।अभियान में राज्यसभा सांसद एवं पूर्व प्रांतपाल रोटे विवेक तन्खा विशेष सहयोगी की भूमिका निभा रहे हैं। रैली के इवेंट चेयरमैन पूर्व प्रांतपाल रोटे सुनील फाटक, को-चेयर रोटे एन.के. श्रीवास्तव और इवेंट को-ऑर्डिनेटर रोटे अंकुर माहेश्वरी हैं। आयोजन में जबलपुर के सिटी को-ऑर्डिनेटर रोटे एस.पी. सिंह, सभी असिस्टेंट गवर्नर्स तथा शहर के विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्ष, सचिव और सदस्य सक्रिय भागीदारी करेंगे।रैली में डिस्ट्रिक्ट 3261 के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं और रोटरी सदस्यों के परिवार भी शामिल होंगे। ‘सक्षम’, महाकोशल प्रांत के अध्यक्ष डॉ. पवन स्थापक के नेतृत्व में संस्था के सदस्य भी अभियान में सहभागिता करेंगे।आयोजकों ने नागरिकों, युवाओं, अभिभावकों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से रैली में शामिल होने की अपील की है।