जबलपुर। शारदीय नवरात्र के दौरान शहर के देवी मंदिरों और दुर्गा प्रतिमा स्थलों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। सप्तमी, अष्टमी और नवमी की शाम से देर रात तक प्रमुख धार्मिक स्थलों, व्यस्त बाजारों और मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए कई मार्गों पर तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जरूरत पड़ने पर दोपहिया वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाना और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाम की स्थिति रोकना है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्सन का पालन करें और मंदिरों व बाजारों तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। मौके की परिस्थितियों के अनुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।
खेरमाई से महाकाली प्रतिमा स्थलों तक वाहनों पर पाबंदी……….
बड़ी खेरमाई मंदिर में दर्शन के लिए भानतलैया, बकरा मार्केट और अनवरगंज की ओर से आने वाले तीन एवं चार पहिया वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा। इसी तरह बूढ़ी खेरमाई मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों को मछली मार्केट, मिलौनीगंज चौक और चारखंबा से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं होगी।
गढ़ाफाटक स्थित महाकाली प्रतिमा स्थल के लिए शंकर घी भंडार, चरहाई क्रॉसिंग, लोहिया पुल और रानीताल चौक से तीन एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, पड़ाव महाकाली प्रतिमा की ओर जाने वाले वाहनों को शंकर घी भंडार, पांडे चौक और आगा चौक से आगे जाने से रोका जाएगा।
कछपुरा, सुनरहाई और नुनहाई में भी बदले रास्ते…….
कछपुरा महाकाली माता प्रतिमा स्थल की ओर जाने वाले मार्गों पर मेहता पेट्रोल पंप क्रॉसिंग, मेहता पेट्रोल पंप अंडरब्रिज क्रॉसिंग और दरवानी कोचिंग क्रॉसिंग से तीन एवं चार पहिया वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
सुनरहाई और नुनहाई में दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कमानिया गेट, सराफा चौक, राजारसगुल्ला, हितकारिणी स्कूल और खटीक मोहल्ला प्वाइंट पर भी वाहनों को रोका जाएगा। इन स्थानों पर भीड़ बढ़ने पर दोपहिया वाहनों का मार्ग भी बदला जा सकता है। इससे पैदल आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी से बचाने का प्रयास किया जाएगा।
बड़ा फुहारा और सदर बाजार में निजी वाहनों की आवाजाही पर रोक…………
त्योहारी भीड़ के दौरान बाजारों में यातायात नियंत्रित रखने के लिए बड़ा फुहारा क्षेत्र में सुपर बाजार, कछियाना क्रॉसिंग, गंजीपुरा, तुलाराम चौक और पांडे चौक से तीन एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
सदर बाजार में भी पेंटी नाका चौक, टीआई क्रॉसिंग और जयसवाल पेट्रोल पंप प्वाइंट से बाजार की ओर जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इन इलाकों में खरीदारी और दर्शन के लिए आने वाले लोगों को यातायात पुलिस के निर्देशों के अनुसार वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना होगा।
भारी वाहनों पर भी रोक…………..
यातायात व्यवस्था के तहत सभी रूटों की सवारी बसें आईएसबीटी दीनदयाल से पाटन-एक्टंगी बाईपास होकर संचालित होंगी। बसों का शहर के अंदर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इसके अलावा पाटन, कटंगी, अमखेरा, अंधमूक, बरगी हिल्स, सगड़ा, एकता मार्केट, महाराजपुर और खमरिया बाईपास मार्गों से भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। हालांकि, एंबुलेंस और फायरब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को प्रतिबंधों से छूट दी गई है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नवरात्र के दौरान घर से निकलने से पहले मार्गों की स्थिति का ध्यान रखें, प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान आवागमन में परेशानी न हो।