जबलपुर\ इंदौर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने चुनौतीपूर्ण मौसमी परिस्थितियों के बावजूद लगभग तीन माह के अल्प समय में इंदौर के 132 केवी जीआईएस महालक्ष्मी नगर सबस्टेशन में 50 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर ऊर्जीकृत किया है। दशहरा और दीपावली के दौरान बढ़ती बिजली मांग तथा आगामी गर्मियों में संभावित विद्युत भार को ध्यान में रखते हुए किए गए इस कार्य से सबस्टेशन की क्षमता बढ़कर 100 एमवीए हो गई है। इससे संबंधित क्षेत्रों में पारेषण व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने में मदद मिलेगी। यह एम पी ट्रांसको का प्रदेश में 1060 वां पावर ट्रांसफार्मर है।
इस सबस्टेशन से 33 केवी के सात फीडरों के माध्यम से पश्चिमी इंदौर के विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 90 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है।
एमपी ट्रांसको इंदौर के अधीक्षण अभियंता जयेश चौपड़ा ने बताया कि अतिरिक्त ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से इंदौर शहर की कुल ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता बढ़कर 1366 एमवीए हो गई है। जबकि मध्यप्रदेश की कुल ट्रांसफॉर्मेशन केपैसिटी बढकर 85678 एम वी ए की हो गई है।