3 हजार रुपये की रिश्वत लेते प्रभारी डिप्टी रेंजर गिरफ्तार

जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस की टीम ने मंगलवार को छिंदवाड़ा जिले के बिछुआ में कार्रवाई करते हुए वनपाल एवं प्रभारी डिप्टी रेंजर सुनील बनवारी को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी पर लकड़ी कारोबार से संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के एवज में रिश्वत मांगने और राशि नहीं देने पर पंजीयन रद्द करने की धमकी देने का आरोप है।लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, आवेदक मोखराम मालवीय के भाई लेखराम मालवीय के नाम पर बिछुआ में मध्य प्रदेश वन उपज व्यापार विनियमन अधिनियम, 1969 की धारा 11 के तहत इमारती लकड़ी के विनिर्माता एवं उपभोक्ता का पंजीयन है। लकड़ी की खरीदी का विवरण प्रत्येक तीन महीने में वन विभाग में जमा करना होता है। आरोप है कि इस जानकारी पर हस्ताक्षर करने के बदले प्रभारी डिप्टी रेंजर सुनील बनवारी ने 3 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को जाल बिछाया। आवेदक ने आरोपी के वन परिक्षेत्र बिछुआ स्थित शासकीय आवास पर जैसे ही रिश्वत की राशि दी, टीम ने उसे पकड़ लिया।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।यह कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल में निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक राहुल गजभिए सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।