जबलपुर। देश में निष्पक्ष चुनाव प्रणाली, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर विपक्षी दल 7 अक्टूबर को जबलपुर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकालेंगे। मार्च की तैयारियों और रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को रसल चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय में विभिन्न विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों की बैठक हुई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय जनता दल, समाजवादी पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, राष्ट्रीय समानता दल, संयुक्त संघर्ष समिति और जमाअत-ए-इस्लामी के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन को व्यापक बनाने पर चर्चा हुई। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संयुक्त रूप से आवाज उठाना जरूरी है।तय कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण पैदल मार्च टाउन हॉल स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मालवीय चौक पहुंचेगा। यहां विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। जनसभा में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि संबोधित करेंगे।मार्च को सफल बनाने के लिए सभी दलों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ने का निर्णय लिया है।