जबलपुर, । जबलपुर विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं के निर्माण और विकास कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों तथा जबलपुर विकास प्राधिकरण अपने नाम के अनुरूप शहर के सुव्यवस्थित एवं समुचित विकास में प्रभावी योगदान दे, यह हम सभी का सामूहिक प्रयास होना चाहिए। यह बात जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संदीप जैन ने जेडीए संचालक मंडल की बैठक को संबोधित करते हुए कही।श्री संदीप जैन के अध्यक्ष पद का दायित्व संभालने के बाद जेडीए संचालक मंडल की यह प्रथम बैठक विश्राम गृह क्रमांक-1 में उनकी अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जेडीए उपाध्यक्ष श्री प्रशांत केसरवानी, कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार, सीईओ श्री विवेक के. व्ही., संचालक मंडल के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में जेडीए अध्यक्ष श्री संदीप जैन ने प्राधिकरण की योजनाओं, शहर विकास, जल एवं ऊर्जा संरक्षण, संपत्तियों के विक्रय, कर्मचारियों की पदोन्नति तथा सिविक सेंटर के सुव्यवस्थित विकास सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति एवं विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
पिछली बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों के पालन प्रतिवेदन का अवलोकन किया गया तथा सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों एवं अभिमतों पर चर्चा की प्राधिकरण की आगामी योजनाओं की प्रगति का बार-चार्ट बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आय-व्यय से संबंधित वित्तीय विषयों पर विस्तृत चर्चा कर विभिन्न प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की गई।
सिविक सेंटर के सौंदर्यीकरण की योजना:*
योजना क्रमांक-18 स्थित सिविक सेंटर के सुव्यवस्थित विकास एवं सौंदर्यीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। अध्यक्ष श्री संदीप जैन ने परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना एवं प्रस्ताव आगामी 15 दिवस में तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
*जल एवं ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा:*
पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा की बचत को ध्यान में रखते हुए जेडीए परिसर एवं विभिन्न योजनाओं में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, ग्रीन एनर्जी एवं सोलर एनर्जी को बढ़ावा देने के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
*आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों के विक्रय को मंजूरी:*
प्राधिकरण की वर्तमान में रिक्त संपत्तियों के त्वरित निष्पादन के लिए एचआईजी डुप्लेक्स, विभिन्न आवासीय भूखंड तथा शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भूखंडों के विक्रय को स्वीकृति प्रदान की गई।
*कर्मचारी हित एवं आउटसोर्स सेवाएं:*
कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए गठित समिति की रिपोर्ट पर विचार-विमर्श कर उसे स्वीकृति दी गई। साथ ही एक वर्ष की अवधि के लिए आउटसोर्स कर्मचारियों की स्वीकृति तथा पूर्व में कार्यरत आउटसोर्स कार्यपालकों एवं सहायकों को निरंतर सेवा में बनाए रखने/समायोजित करने पर सहमति बनी।
*योजना क्रमांक-62 एवं एआरपी-4 मार्ग को कटनी बायपास से जोड़ने की योजना:*
शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से योजना क्रमांक-62 को निरंतर रखते हुए एआरपी-4 मार्ग को कटनी बायपास से लिंक करने की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई, जिसे बोर्ड द्वारा सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई।
*शहर को मिलेगा नया स्वरूप
बैठक में जेडीए अध्यक्ष श्री संदीप जैन ने जबलपुर के चहुंमुखी एवं दीर्घकालिक विकास को लेकर विभिन्न प्रस्ताव एवं विजन प्रस्तुत किए। उपस्थित सदस्यों ने शहर के विकास को गति देने वाली इन पहलों का स्वागत किया।
श्री संदीप जैन ने कहा कि जबलपुर विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित परियोजनाएं शहर में सुगम यातायात, बेहतर अधोसंरचना और व्यवस्थित विकास के साथ जबलपुर को नया स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। जल एवं ऊर्जा संरक्षण को विकास योजनाओं का हिस्सा बनाते हुए पर्यावरण के अनुकूल विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि गुणवत्ता, समयबद्धता, पारदर्शिता और दूरगामी सोच के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन ही जेडीए की प्राथमिकता होगी। सभी सदस्यों एवं अधिकारियों के सहयोग से जबलपुर के समुचित एवं सुव्यवस्थित विकास में जबलपुर विकास प्राधिकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।