जबलपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को भाई-बहन के स्नेह के साथ सामाजिक सरोकार का अनूठा संदेश देखने को मिला। मदन महल स्थित दद्दा परिसर में आयोजित ‘सेवक की जिज्जी’ रक्षाबंधन महोत्सव-2026 में 8500 से अधिक बहनों को सुरक्षा बीमा का उपहार देकर उन्हें भविष्य का सुरक्षा कवच प्रदान किया गया। क्षेत्रीय विधायक एवं जनसेवक डॉ. अभिलाष पाण्डेय के संयोजन में हुए आयोजन में हजारों की संख्या में बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं बहनों का पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। विधायक डॉ. पाण्डेय ने बहनों को राखी के उपहार के रूप में पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश भी दिया। आयोजन में भाई-बहन के पारंपरिक रिश्ते को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने की पहल आकर्षण का केंद्र रही।
मौके पर ही हुआ सुरक्षा बीमा
बहनों को बीमा के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, इसके लिए दद्दा परिसर में ही विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के विशेष काउंटर लगाए गए। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर दस्तावेजों का सत्यापन कर पात्र बहनों का तत्काल सुरक्षा बीमा किया।
डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने बताया कि जिन बहनों के दस्तावेज किसी कारणवश पूरे नहीं हो पाए, उनका पंजीयन कर लिया गया है। आवश्यक दस्तावेज प्राप्त होने के बाद उन्हें भी सुरक्षा बीमा योजना का शत-प्रतिशत लाभ दिलाया जाएगा।
मेहंदी, चूड़ी और बिंदी से सजा रक्षाबंधन
महोत्सव में रक्षाबंधन के पारंपरिक उल्लास की भी पूरी झलक दिखाई दी। बहनों के लिए मेहंदी, चूड़ी और बिंदी के विशेष काउंटर लगाए गए थे। बहनों ने इनका जमकर आनंद लिया। कार्यक्रम में उपस्थित बहनों एवं अतिथियों के लिए सुरुचिपूर्ण स्वरुचि भोजन की भी व्यापक व्यवस्था की गई।
‘5S’ विजन में सुरक्षा को प्रमुख स्थान
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने कहा कि उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र में ‘5S’ विजन—शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा, सुरक्षा और संस्कार को धरातल पर उतारने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन महोत्सव केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बहनों के जीवन को सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में भी एक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि एक भाई और जनसेवक के रूप में उनका प्रयास रहेगा कि बहनों के सुरक्षा बीमा का हर वर्ष नवीनीकरण कराया जाए, ताकि उन्हें निरंतर सुरक्षा कवच मिलता रहे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही। बहनों ने विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय को राखी बांधकर उनके दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। अंत में डॉ. पाण्डेय ने सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन में सहयोग देने वाले विभिन्न बैंकों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।