जबलपुर। बरगी बांध के कैचमेंट एरिया में लगातार बढ़ रही पानी की आवक के बीच गुरुवार को बांध प्रशासन ने जल निकासी बढ़ा दी। सुबह 11 बजे खुले पांच गेटों के अलावा आठ और गेट दोपहर 3 बजे खोल दिए गए है, जिससे अब बांध के कुल 13 गेट खुले हैं। सभी गेटों को औसतन 1.96 मीटर की ऊंचाई तक खोला गया है। बांध के सहायक यंत्री बाढ़ नियंत्रण के अनुसार गुरुवार दोपहर 12 बजे बरगी बांध का जलस्तर 422.35 मीटर दर्ज किया गया। बांध की वर्तमान जल उपयोगी क्षमता 3090.50 एमसीएम यानी 97.18 प्रतिशत है, जबकि बांध में पानी की आवक 4215 क्यूमेक बनी हुई है।
जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए गुरुवार दोपहर 3 बजे बांध से पानी की निकासी में बड़ा इजाफा किया गया। पहले 1130 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा था, जिसे बढ़ाकर अब 3802 क्यूमेक कर दिया गया है। प्रशासन के मुताबिक 13 जलद्वार औसतन 1.96 मीटर की ऊंचाई पर खुले रहेंगे। इससे नर्मदा नदी के घाटों पर जलस्तर में करीब 7 से 8 फीट तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
नर्मदा के घाटों पर बढ़ा जलस्तर……….
बांध से लगातार बढ़ाई गई जल निकासी का सीधा असर नर्मदा के घाटों पर दिखाई दिया। घाटों पर 7 से 8 फुट पानी बढ़ गया।
नर्मदा तटों से दूर रहने की अपील…………..
बांध के गेट खोले जाने के बाद नर्मदा के तटों पर पानी का स्तर बढ़ गया है। बांध प्रबंधन और प्रशासन ने लोगों को नदी के तट और निचले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से जलस्तर बढ़ने वाले क्षेत्रों में लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।