जबलपुर। अधारताल पुलिस थाना क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने कुख्यात बदमाश विवेक पांडे उर्फ चूहा को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार चल रहे चूहा पांडे पर पुलिस अधीक्षक ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस को उसके आनंद नगर-कटरा क्षेत्र में घूमने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आधार कार्ड थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के मुताबिक आरोपी विवेक उर्फ चूहा पांडे ने क्षेत्र निवासी निखिल रजक पर देसी पिस्टल की बट से जानलेवा हमला किया था। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थीं।पुलिस को आज सूचना मिली कि चूहा पांडे आनंद नगर और कटरा क्षेत्र में बेखौफ घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अधारताल पुलिस की टीमों ने इलाके की घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पुलिस की घेराबंदी में फंसा चूहा पांडे भागने का मौका नहीं पा सका और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है। उसके खिलाफ अधारताल सहित शहर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े करीब 25 मामले दर्ज हैं। इसी आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को अधारताल थाने लेकर पहुंची। अब पुलिस उससे पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में उसकी भूमिका के संबंध में जानकारी जुटा रही है।