जबलपुर। रेल यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा की खबर है। रेलवे ने दानापुर-सर एम. विश्वेश्वरय्या टर्मिनल बेंगलुरु एक्सप्रेस को स्पेशल से नियमित ट्रेन के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन नए नियमित नंबर 22365/22366 के साथ प्रतिदिन चलेगी। ट्रेन का लाभ पश्चिम मध्य रेल के सतना, जबलपुर और इटारसी सहित मार्ग के यात्रियों को मिलेगा।
जबलपुर रात में आएगी, सुबह लौटेगी…………
गाड़ी संख्या 22365 दानापुर-बेंगलुरु एक्सप्रेस 1 सितंबर 2026 से प्रतिदिन दानापुर से दोपहर 2:45 बजे रवाना होगी। ट्रेन सतना रात 12:10 बजे और जबलपुर तड़के 3:25 बजे पहुंचेगी। इसके बाद इटारसी सुबह 7:20 बजे पहुंचेगी और निर्धारित स्टेशनों पर ठहरते हुए तीसरे दिन दोपहर 2:30 बजे सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल बेंगलुरु पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 22366 3 सितंबर 2026 से प्रतिदिन बेंगलुरु से रात 11:50 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन इटारसी सुबह 5:50 बजे, जबलपुर सुबह 9:00 बजे और सतना दोपहर 1:00 बजे पहुंचेगी। इसके बाद निर्धारित मार्ग से होते हुए चौथे दिन रात 12:15 बजे दानापुर पहुंचेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव………..
ट्रेन दोनों दिशाओं में आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, जबलपुर, इटारसी जंक्शन, नागपुर, सेवाग्राम, चंद्रपुर, बल्लारशाह, वारंगल, विजयवाड़ा, ओंगोल, गुडुर, पेरम्बूर, काटपाडी, जोलारपेट्टई, बांगरपेट और व्हाइटफील्ड स्टेशनों पर रुकेगी।
24 कोच की रहेगी संरचना……….
नियमित ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे। इनमें 2 वातानुकूलित टू-टियर, 3 वातानुकूलित थ्री-टियर, 10 शयनयान, 7 सामान्य श्रेणी और 2 एलएलआरडी कोच शामिल रहेंगे।
जबलपुर के यात्रियों को सीधा फायदा……….
दानापुर और बेंगलुरु के बीच ट्रेन के नियमित संचालन से जबलपुर सहित आसपास के यात्रियों को दक्षिण भारत की ओर आने-जाने के लिए एक अतिरिक्त नियमित रेल सुविधा मिलेगी। खासतौर पर नौकरी, शिक्षा और व्यवसाय के सिलसिले में बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन महत्वपूर्ण विकल्प साबित हो सकती है।