शहर का प्रमुख मालवीय चौक बदहाल


जबलपुर। शहर की पहचान माने जाने वाले प्रमुख मालवीय चौक की रोटरी इन दिनों बदहाली का शिकार है। रोटरी का निर्माण कमजोर होकर कई जगह से टूट गया है और इसमें गहरी दरारें भी दिखाई देने लगी हैं। मौजूदा स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में रोटरी का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकता है।
मालवीय चौक शहर के प्रमुख और व्यस्त चौराहों में शामिल है। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में रोटरी की जर्जर हालत न केवल चौराहे की खूबसूरती बिगाड़ रही है, बल्कि इसकी मजबूती और सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्मार्ट सिटी की पहचान से मेल नहीं खाती तस्वीर………

जबलपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के दावे किए जाते रहे हैं और शहर के प्रमुख चौराहे उसकी पहचान का हिस्सा हैं। ऐसे में मालवीय चौक जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर टूटी-फूटी रोटरी शहर की छवि पर भी असर डाल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम यदि समय रहते रोटरी की मरम्मत के साथ इसका बेहतर सौंदर्यीकरण करा दे तो मालवीय चौक को नया और आकर्षक स्वरूप दिया जा सकता है। इससे चौराहे की सुंदरता बढ़ने के साथ शहर की पहचान भी और निखरेगी।

अब मरम्मत का इंतजार…………

रोटरी में लगातार बढ़ती दरारों और टूट-फूट को देखते हुए लोगों की मांग है कि नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी मौके का निरीक्षण कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करें। समय रहते मरम्मत हो जाए तो न केवल संभावित नुकसान को रोका जा सकता है, बल्कि मालवीय चौक को फिर से आकर्षक बनाया जा सकता है।