जबलपुर। “वोकल फॉर लोकल केवल नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का राष्ट्रीय संकल्प है।” यह बात मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भोपाल के मानसरोवर सभागार में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों, छोटे व्यापारियों, कारीगरों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करने में प्रत्येक व्यापारी और नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।कैट के राष्ट्रीय महासचिव एवं चांदनी चौक सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि देश के छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को डिजिटल तकनीक, ई-कॉमर्स और नए बाजारों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। व्यापारिक संगठनों को भी व्यापारियों की समस्याओं के समाधान एवं स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया ने कहा कि स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर देश के व्यापार, रोजगार और अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने व्यापारिक संगठनों से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।कैट मध्यप्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने कहा कि मध्यप्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए कैट निरंतर प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि ब्रांडिंग, पैकेजिंग, डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं ई-कॉमर्स के माध्यम से प्रदेश के उत्पादों को नई पहचान दिलाई जा सकती है।
कैट प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष गोविंद दास असाटी ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश के लगभग सभी जिलों से करीब 250 व्यापारी नेताओं एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। राज्य स्तरीय सम्मेलन में जबलपुर से कैट प्रदेश महामंत्री जितेंद्र पचौरी, प्रदेश संरक्षण संदेश जैन, कैट संभाग अध्यक्ष दीपक सेठी, जबलपुर जिला अध्यक्ष राजीव बड़ेरिया , कैट जबलपुर संरक्षक मदन अवस्थी, कैट जबलपुर सदस्य तरुण अग्रवाल एवं कैट राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर (महिला विंग) श्रीमती सीमा सिंह चौहान ने सहभागिता की और सम्मेलन में सक्रिय रूप से अपने विचार एवं सुझाव रखे।जबलपुर प्रतिनिधिमंडल ने स्वदेशी, स्थानीय उत्पादों, व्यापार के डिजिटलीकरण, ई-कॉमर्स तथा व्यापारी संगठनों को मजबूत बनाने के विषयों पर चर्चा में बढ़-चढ़कर भाग लिया।सम्मेलन में मध्यप्रदेश के व्यापारिक संगठनों ने स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।