बिना रॉयल्टी धड़ल्ले से हो रहा था रेत का परिवहन, गोसलपुर पुलिस ने दो चालकों को दबोचा

जबलपुर। बरने नदी के पास से अवैध रूप से रेत उठाकर परिवहन करने वालों पर गोसलपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां रेत समेत जब्त की हैं। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर चालकों को भी गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। पकड़े गए चालकों के पास रेत परिवहन से संबंधित कोई रॉयल्टी अथवा वैध दस्तावेज नहीं मिला।गोसलपुर थाना प्रभारी भावना तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम रविवार को ग्राम घुटना बगीचा क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान सड़क पर दो आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां रेत से भरी हुई आती दिखाई दीं। पुलिस ने दोनों को रोककर चालकों से पूछताछ की। एक ट्रैक्टर चालक ने अपना नाम अरविन्द पटेल (41), निवासी घुघरी गोसलपुर तथा दूसरे ने अमित खटीक (39), निवासी गुड़हाई बताया।पूछताछ में दोनों चालकों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कटरा देवरी के पास बरने नदी के नजदीक सड़क किनारे रखी रेत ट्रॉलियों में लोड की थी और उसे पौड़ी ले जा रहे थे। रेत परिवहन की रॉयल्टी नहीं होने की बात भी उन्होंने स्वीकार की। अरविन्द पटेल ने ट्रैक्टर मालिक मोनू पटेल की सहमति से रेत परिवहन करना बताया।पुलिस ने ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 20 एक्सए 5966 और एमपी 20 एबी 2336, दोनों की रेत से भरी ट्रॉलियां जब्त कर लीं। आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस, 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम तथा 77/177 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।कार्रवाई में थाना प्रभारी भावना तिवारी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रजनीश उपाध्याय, अखिलेश दुबे तथा आरक्षक मिथलेश राजहंस और संदीप विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।