जबलपुर सिहोरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने अफरा-तफरी मचा दी। मझौली रोड स्थित दर्शनी गांव में सवारी लेकर जा रहे ई-रिक्शा की सामने से आ रही मोटरसाइकिल से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि कई सवारियां घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
टक्कर के बाद सड़क पर बिखरे घायल
पुलिस के मुताबिक बाइक सवार युवक सिहोरा से मझौली की ओर जा रहा था। दर्शनी गांव में पान बरेजा के सामने पहुंचते ही सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जबकि बाइक सवार उछलकर सड़क से दूर जा गिरा।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर घायलों को संभाला। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जननी एक्सप्रेस और निजी वाहनों से सिहोरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
21 वर्षीय युवती ने इलाज से पहले तोड़ा दम
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पोंडा निवासी 21 वर्षीय प्रीति कोल को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुधा रावत (18), जानकी रावत (19), नेहा कोल (26), सुखवंती बाई कोल (55), दुर्गा कोल (7) और अभि कोल (6) को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
इसके अलावा राजकुमार कोल (35), अनुराग (11) और शुभम कोल (40) की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद सिहोरा-मझौली मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा और बाइक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर हादसे के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।