जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के न्यू कंचनपुर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय मकान मालिक के माता-पिता रिश्तेदारी में गए हुए थे। रात करीब 10 बजे घर लौटने पर चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही अधारताल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दीपुलिस के अनुसार न्यू कंचनपुर निवासी साहिल बिहुनिया के माता-पिता घर में ताला लगाकर पनेहरा स्थित अपने रिश्तेदार के घर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान के बाहर के दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने कमरे में रखी आलमारी को खंगाला और लॉकर में रखे जेवर तथा नकदी लेकर फरार हो गए।
परिजन जब रात करीब 10 बजे घर पहुंचे तो बाहर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी खुली हुई थी और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। घर का सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरी की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
बताया गया है कि चोर सोने का हार, चैन, दो अंगूठियां, दो लौंग, लॉकेट सहित चांदी के आभूषण, पायल, कंगन और अन्य जेवर के साथ नकदी चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
लगातार चोरी की वारदातों से लोगों में नाराजगी
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में पुलिस गश्त को लेकर नाराजगी दिखाई दी। स्थानीय लोगों का कहना था कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि वारदातों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने के कारण चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं।अधारताल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही चोरों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्र में जांच की जा रही है।