ग्वालियर ने दिल खोलकर किया अपने लाल का स्वागत, राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने पर आशीष अग्रवाल का भव्य अभिनंदन

ढोल-नगाड़ों से गूंजा शहर, जगह-जगह पुष्पवर्षा; बोले आशीष अग्रवाल—यह सम्मान मेरा नहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं की शक्ति और समर्पण का अभिनंदन

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक आशीष उषा अग्रवाल के ग्वालियर प्रथम आगमन पर बुधवार को शहर ने अपने इस लाल का गर्मजोशी और आत्मीयता से स्वागत किया। वंदे भारत ट्रेन से ग्वालियर स्टेशन पहुंचते ही भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच उनका अभिनंदन किया। रेलवे स्टेशन से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक स्वागत का सिलसिला चलता रहा और अनेक स्थानों पर मंच लगाकर माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट किए गए।

स्वागत में उमड़ा सैलाब, चेहरे पर दिखी आत्मीय खुशी

आशीष अग्रवाल के स्वागत में उमड़ी भीड़ ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली नई जिम्मेदारी को लेकर ग्वालियर का भाजपा परिवार कितना उत्साहित है। पुलिस चौकी, डीबी मॉल, रेलवे स्टेशन, पड़ाव, मोतीमहल, बैजाताल, इंदरगंज चौराहा, दौलतगंज और हेमू कालानी चौराहे सहित अनेक स्थानों पर कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनका स्वागत किया।

हर जगह एक ही उत्साह दिखाई दिया—ग्वालियर का अपना कार्यकर्ता अब राष्ट्रीय पटल पर संगठन की आवाज को मजबूत करेगा।

ग्वालियर मेरे लिए सिर्फ शहर नहीं – आशीष अग्रवाल

स्वागत से अभिभूत आशीष अग्रवाल ने कहा कि ग्वालियर उनके लिए केवल एक शहर नहीं, बल्कि जन्मभूमि, कर्मभूमि और जीवन की अनगिनत स्मृतियों की भूमि है।

उन्होंने कहा कि जिस आत्मीयता और उत्साह के साथ कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया है, वह किसी एक व्यक्ति का सम्मान नहीं है। यह भाजपा की विचारधारा, संगठन की शक्ति और उन हजारों कार्यकर्ताओं के परिश्रम का सम्मान है, जो बिना किसी अपेक्षा के संगठन के लिए निरंतर काम करते हैं।

अटल बिहारी वाजपेयी की पंक्ति “कदम मिलाकर चलना होगा” का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता हर चुनौती के बीच एक दिशा, एक विचार और एक संकल्प के साथ आगे बढ़ने में विश्वास रखता है।

दो माताओं के आशीर्वाद को बताया जीवन की ताकत

आशीष अग्रवाल ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा कि उनके जीवन को दिशा देने में दो माताओं का विशेष योगदान रहा है। पहली मां ने उन्हें संस्कार, धैर्य और जीवन-मूल्य दिए, जबकि भाजपा को उन्होंने अपनी दूसरी मां बताते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें राष्ट्रवाद, सामाजिक संस्कार और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी के चलते अब दिल्ली में अधिक समय देना होगा, लेकिन ग्वालियर और मध्यप्रदेश से उनका रिश्ता कभी कमजोर नहीं होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली में रहते हुए भी वे अपने लोगों से उसी आत्मीयता के साथ जुड़े रहेंगे।

नई जिम्मेदारी को बताया सेवा का नया अवसर

राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिलने पर आशीष अग्रवाल ने कहा कि यह उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि संगठन और राष्ट्रसेवा का नया अवसर है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा।

वरिष्ठ नेताओं ने जताया विश्वास

मध्यप्रदेश वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया ने कहा कि भाजपा में व्यक्ति नहीं, बल्कि संगठन सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि आशीष अग्रवाल की जिम्मेदारी प्रदेश से बढ़कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना उनकी कर्मठता, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण का परिणाम है।

पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि आशीष अग्रवाल का राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व संभालना ग्वालियर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के मीडिया कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि अनुशासन, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर आशीष अग्रवाल ने सामान्य कार्यकर्ता से राष्ट्रीय पदाधिकारी तक का सफर तय किया है।

ग्वालियर की मिट्टी से दिल्ली तक पहुंची जिम्मेदारी

आशीष अग्रवाल के स्वागत का यह दृश्य केवल एक राजनीतिक पदाधिकारी के अभिनंदन का अवसर नहीं था, बल्कि ग्वालियर की उस राजनीतिक-संगठनात्मक संस्कृति का प्रदर्शन था, जहां कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण को सम्मान मिलता है।

राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार ग्वालियर पहुंचे आशीष अग्रवाल के स्वागत में जिस तरह शहर के अलग-अलग हिस्सों में उत्साह नजर आया, उससे साफ रहा कि ग्वालियर ने अपने बेटे को दिल्ली की नई जिम्मेदारी के लिए पूरे विश्वास और शुभकामनाओं के साथ विदा किया है।