सीनियर डीसीएम का जबलपुर स्टेशन पर औचक निरीक्षण,

जबलपुर। यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और स्वच्छ सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जबलपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने औचक निरीक्षण किया। प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर संचालित विभिन्न खानपान इकाइयों की जांच के दौरान कई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। वहीं जन आहार इकाई में तीन वेंडर बिना पहचान पत्र के काम करते मिले, जिसके बाद रेलवे नियमों के तहत तीनों पर आर्थिक दंड की कार्रवाई की गई।निरीक्षण के दौरान स्टेशन के फूड प्लाजा में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की गई। भोजन तैयार करने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस कार्ड, गैस सुरक्षा व्यवस्था तथा रसोई और आसपास के परिसर की साफ-सफाई को देखा गया। यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता और स्थिति की भी जांच की गई।

बिना आईडी काम करते मिले वेंडर

जन आहार इकाई के निरीक्षण के दौरान तीन वेंडर बिना पहचान पत्र के कार्य करते पाए गए। रेलवे के प्रचलित नियमों के तहत तीनों के खिलाफ आर्थिक दंड की कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधितों को भविष्य में इस तरह की अनियमितता दोबारा नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने खानपान इकाइयों के संचालकों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों को दिए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसके साथ ही स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित एजेंसियों को नियमित निगरानी और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।शशांक गुप्ता ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।रेलवे अधिकारियों के मुताबिक स्टेशन परिसर में खानपान, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को लेकर निरीक्षण की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।