जबलपुर। हनुमानताल पुलिस ने दो शातिर झपटमार और वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से करीब 8 लाख रुपये का चोरी व झपटमारी का माल बरामद किया है। आरोपियों से एक आईफोन, पांच मोबाइल, दो ई-रिक्शा, चोरी की एक्सिस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई है।पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर मंडी मदार टेकरी कब्रिस्तान स्थित बजूखाना के पास दबिश देकर समीर उर्फ कंजा (25), निवासी टेढ़ी नीम, हनुमानताल और अविनाश चौधरी (22), निवासी सिंधी कैंप, हनुमानताल को पकड़ा गया। तलाशी में समीर के पास आईफोन सहित तीन और अविनाश के पास तीन मोबाइल मिले।पूछताछ में दोनों ने मिलकर घमापुर और कृषि उपज मंडी क्षेत्र में मोबाइल झपटने तथा घोड़ा नक्कास के पास से एक्सिस चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावा ग्वारीघाट और विजय नगर क्षेत्र से दो ई-रिक्शा चोरी करना भी कबूल किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों ई-रिक्शा बरामद कर लिए।पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित थानों में दर्ज चोरी और झपटमारी के मामलों में गिरफ्तारी की है। आरोपी समीर के खिलाफ पूर्व से मारपीट, आर्म्स एक्ट, जुआ और चोरी सहित 14 अपराध दर्ज होना बताया गया है। अन्य चोरी के मामलों और मोबाइल की बरामदगी को लेकर पूछताछ जारी है।कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल, उप निरीक्षक राजेश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक सादिक अली और विनीत श्रीवास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।