जबलपुर। मदनमहल-दमोहनाका फ्लाईओवर पर बुधवार देर रात दर्दनाक हादसे में स्कूटर सवार युवक की मौत हो गई। बारिश के बीच स्कूटर अनियंत्रित होने के बाद युवक फ्लाईओवर से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कोतवाली पुलिस ने मृतक की पहचान मदनमहल निवासी प्रमोद दास के रूप में की है।कोतवाली थाना प्रभारी मानस द्विवेदी के मुताबिक हादसा रात करीब एक बजे हुआ। फ्लाईओवर से गुजर रहे कुछ लोगों ने युवक को नीचे पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतक की पहचान की। दुर्घटनास्थल पर स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिला। वाहन का नंबर एमपी 20 एसपी 5066 बताया गया है।बताया गया है कि प्रमोद पिछले 15-20 वर्षों से करोंदा नाला बायपास स्थित एक शराब दुकान में काम कर रहे थे। घटना की रात जब वह घर नहीं पहुंचे तो बड़े भाई प्रदीप कुमार दास ने करीब एक बजे उन्हें फोन किया। फोन रिसीव नहीं होने पर परिजनों ने समझा कि वह वाहन चला रहे होंगे। करीब 10-15 मिनट बाद दोबारा फोन करने पर राहगीर और पुलिसकर्मी फोन पर मिले और हादसे की जानकारी दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बारिश हो रही थी। आशंका है कि इसी दौरान स्कूटर का संतुलन बिगड़ने से प्रमोद वाहन समेत फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामला दर्ज कर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।