सूअरमार बम से दहशत फैलाने की कोशिश,

जबलपुर। शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती अब केवल लोगों की परेशानी नहीं, बल्कि अपराधियों के लिए भी मौका बनती जा रही है। सोमवार रात घमापुर में बिजली गुल होते ही अज्ञात बदमाश ने एक पान दुकान के पास सूअरमार बम फेंककर दहशत फैलाने की कोशिश की। वहीं दूसरी ओर गढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो सूअरमार बम के साथ एक हिस्ट्रीशीटर युवक को गिरफ्तार किया है। इन दोनों घटनाओं ने शहर में बिजली कटौती के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं घमापुर थाना पुलिस के अनुसार, गोपाल होटल चौक निवासी पान दुकानदार कान्हा रजक ने शिकायत दर्ज कराई कि सोमवार रात करीब 11:25 बजे इलाके की बिजली चली गई। अंधेरे का फायदा उठाकर एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी दुकान के बाजू में सूअरमार बम फेंक दिया, जो तेज धमाके के साथ फट गया। करीब 10 मिनट बाद बिजली आने पर घटनास्थल पर बम के अवशेष मिले। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।उधर, गढ़ा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बजरंग पहाड़ी दरगाह के पास घेराबंदी कर शारदा चौक निवासी अतुल साहू को गिरफ्तार किया। उसके पास से काले रंग की पॉलीथीन में रखे दो सूअरमार बम बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, कथित आरोपी अतुल साहू के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तीन मामले दर्ज हैं।शहर में बीते कई दिनों से हो रही अनियमित बिजली कटौती के कारण रात में कई इलाके अंधेरे में डूब जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे हालात में असामाजिक तत्वों को वारदात अंजाम देने का मौका मिल रहा है। हालिया घटना ने यह चिंता और बढ़ा दी है कि बिजली व्यवस्था में लगातार आ रही बाधाएं कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती बनती जा रही हैं।पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। वहीं नागरिकों ने मांग की है कि रात्रिकालीन बिजली कटौती पर नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर अपराध करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।