जबलपुर। शहर के टेलीकॉम फैक्ट्री परिसर स्थित करीब 70 एकड़ के अर्बन फॉरेस्ट में कथित रूप से पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के अध्यक्ष डॉ. पी.जी. नाजपांडे ने कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को शिकायत भेजकर पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाने तथा पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि शनिवार दोपहर टेलीकॉम फैक्ट्री क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर के भीतर और अन्य स्थानों पर पेड़ों की कटाई होती देखी गई। मंच का कहना है कि इस अर्बन फॉरेस्ट को संरक्षित और विकसित करने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन यदि बिना अनुमति पेड़ों की कटाई हो रही है तो यह गंभीर चिंता का विषय है।
मंच ने कलेक्टर व निगमायुक्त को ई-मेल भेजकर मांग की है कि पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाई जाए, परिसर में मौजूद वृक्षों की गणना कराई जाए तथा यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।