प्रधानमंत्री ने किया ब्योहारी रेलवे स्टेशन का लोकार्पण,

  जबलपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित ब्योहारी रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के जालंधर से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल लोकार्पण किया। इसके साथ ही विंध्य क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित नया स्वरूप मिला। ब्योहारी स्टेशन पर आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों, स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में रेल यात्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री के “स्पीड और स्केल” के विजन के अनुरूप देशभर में रेलवे सहित आधारभूत संरचना का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि ब्योहारी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विंध्य क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और व्यापारिक विकास को भी नई गति देगा।

सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्र ने कहा कि सिंगरौली–कटनी रेलखंड के दोहरीकरण से क्षेत्र में रेल संचालन और अधिक मजबूत होगा तथा भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं बढ़ेंगी। वहीं ब्योहारी विधायक जुगलाल कोल ने स्टेशन के पुनर्विकास के लिए रेल मंत्रालय और रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

समारोह की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में ब्योहारी स्टेशन पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं और जबलपुर मंडल की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। रेलवे द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

स्टेशन परिसर में विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक देखा। स्थानीय लोगों ने पुनर्विकसित स्टेशन की आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास का नया प्रतीक बताया।समारोह में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सांसद डॉ. राजेश मिश्र, विधायक जुगलाल कोल, मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं रेल यात्री उपस्थित रहे।