बोलावा विठ्ठल’ में मुग्धा वैशंपायन और प्रथमेश लघाटे की सुरमयी प्रस्तुति 18 जुलाई को

जबलपुर। संस्कारधानी के संगीत प्रेमियों के लिए शनिवार, 18 जुलाई की शाम भक्ति, संगीत और संस्कृति के अद्भुत संगम की साक्षी बनने जा रही है। रसरंग, दत्त भजन मंडळ, महाराष्ट्र शिक्षण मंडळ तथा संगीत समाज के संयुक्त तत्वावधान में मुंबई की प्रतिष्ठित संस्था पंचम निषाद द्वारा प्रस्तुत बहुप्रतीक्षित भक्तिमय संगीत संध्या “बोलावा विठ्ठल” का आयोजन शनिवार शाम 6 बजे से मानस भवन में किया जाएगा।कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता सारेगामा लिटिल चैंप्स की विजेता और सुप्रसिद्ध गायिका मुग्धा वैशंपायन तथा लोकप्रिय गायक प्रथमेश लघाटे की सजीव प्रस्तुति होगी। दोनों कलाकार अभंग, ओवी, भजन और विठ्ठल भक्ति से ओतप्रोत रचनाओं के साथ-साथ चुनिंदा हिंदी भजनों की भी प्रस्तुति देंगे, जिससे संगीत प्रेमियों को एक यादगार संध्या का अनुभव मिलेगा।

कार्यक्रम का संचालन मराठी साहित्य और संस्कृति की प्रतिष्ठित विदुषी एवं प्रख्यात वक्ता धनश्री लेले करेंगी। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु और संगीत प्रेमी इस भक्तिमय आयोजन का आनंद ले सकें।
आयोजन समिति की ओर से डॉ. जितेंद्र जामदार, अभय गोरे, विजय भावे, प्रमोद पाठक, डॉ. उमाशंकर शर्मा, शशांक दातार, उदय परांजपे, शरद आठले, विश्वास पाटणकर, रवींद्र परांजपे, डॉ. विवेक कर्महे तथा विध्येश भापकर ने संस्कारधानी के सभी रसिक श्रोताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सुरमयी भक्ति संध्या को सफल बनाने की अपील की है।