जबलपुर में ‘ब्रांडेड’ के नाम पर नकली कारोबार का भंडाफोड़, पूमा ब्रांड की नकली सामग्री जब्त

जबलपुर। शहर में नामी-गिरामी ब्रांड के नाम पर नकली उत्पाद बेचने के कारोबार का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूमा (PUMA) ब्रांड के लोगो का अवैध इस्तेमाल कर बेचे जा रहे नकली लोवर, टी-शर्ट, कैप और पर्स जब्त किए हैं। पुलिस ने लगभग 1.90 लाख रुपये कीमत की नकली सामग्री बरामद कर दो होलसेल कारोबारियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम की धारा 51 एवं 63 के तहत प्रकरण दर्ज किया हैकार्रवाई एल्यूडिकेशन एडवोकेट एंड सॉलिसिटर्स लॉ फर्म, नई दिल्ली के जांच अधिकारी मयंक शर्मा की शिकायत पर की गई। शिकायत में बताया गया था कि कोतवाली क्षेत्र में कुछ दुकानों पर पूमा कंपनी के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर हुबहू दिखने वाले नकली उत्पाद बेचे जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़, नगर पुलिस अधीक्षक रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी मानस द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंधेरदेव, जामा मस्जिद के पीछे स्थित होलसेल दुकानों पर दबिश दी।
पुलिस ने अग्रवाल स्पोर्ट्स से संचालक जितेन्द्र अग्रवाल (33) के कब्जे से 322 नकली लोवर, 116 टी-शर्ट और 80 सेंडो टी-शर्ट जब्त किए। वहीं आर.के. बेल्ट के संचालक कमल मंगलानी (34) के यहां से 155 नकली कैप और 30 नकली पर्स बरामद किए गए। सभी सामान पर पूमा कंपनी का लोगो लगा हुआ था और इन्हें असली ब्रांड बताकर बेचा जा रहा था।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नकली ब्रांडेड सामान की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राकेश उपमन तथा आरक्षक दान सिंह, उमेश पटेल और अजय की विशेष भूमिका रही।