जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत ब्यौहारी रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास पूरा हो गया है। करीब 20.58 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस स्टेशन का 17 जुलाई को प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करेंगे।
कटनी–सिंगरौली रेलखंड पर स्थित ब्यौहारी स्टेशन का आधुनिकीकरण यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखकर किया गया है। पुनर्विकास के तहत स्टेशन को नया भवन, आकर्षक प्रवेश द्वार, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, आधुनिक प्रतीक्षालय, डिजिटल ट्रेन सूचना बोर्ड, कोच पोजीशन डिस्प्ले सिस्टम, हाई-लेवल प्लेटफॉर्म, 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ, व्हीलचेयर और विशेष शौचालय की व्यवस्था भी की गई है।
रेलवे के अनुसार, 17 जुलाई को दोपहर 2 बजे स्टेशन परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आयोजन होंगे। इसके बाद दोपहर 3:45 बजे प्रधानमंत्री देशभर के अमृत भारत स्टेशनों के साथ ब्यौहारी स्टेशन का भी वर्चुअल लोकार्पण करेंगे।
मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने कहा कि पुनर्विकसित ब्यौहारी स्टेशन क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगा, जबकि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि स्टेशन के सभी विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं और यह यात्रियों की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है।