जबलपुर।जबलपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाटन थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर एक शातिर गांजा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 96 हजार 200 रुपये कीमत का 1 किलो 924 ग्राम अवैध गांजा, एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक मोबाइल और नगदी बरामद की गई है।
**मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल**
थाना प्रभारी पाटन गोपिन्द्र सिंह ने बताया कि बीती रात पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनकेड़ी रोड़ स्थित ग्राम सिंगौरी बंजारी माता मंदिर के पास एक युवक पीठ पर पिट्ठू बैग टांगे, बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। पुलिस को आते देख आरोपी ने बाइक स्टार्ट कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
**बैग से बरामद हुआ 1 किलो 924 ग्राम गांजा**
पूछताछ में संदेही ने अपना नाम विष्णु उर्फ रंजीत गौड़ (22 वर्ष), निवासी ग्राम भरदा, थाना बेलखेड़ा बताया। जब पुलिस ने उसके पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली, तो उसके अंदर सफेद बोरी में रखा अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 1 किलो 924 ग्राम पाई गई, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 96 हजार 200 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल, सैमसंग कंपनी का कीपैड मोबाइल और ₹200 नगद जब्त कर लिए हैं।
**एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, मुख्य सप्लायर की तलाश**
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनु बेनिवाल व एस.डी.ओ.पी. पाटन लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर यह पूछताछ कर रही है कि वह यह गांजा कहां से लेकर आया था और किसे बेचने जा रहा था।इस पूरी कार्रवाई में आरोपी को रंगे हाथ दबोचने में चौकी प्रभारी नुनसर उप निरीक्षक राजेश धुर्वे, आरक्षक अनुराग रैकवार, रामगोपाल कुर्मी, गंगाराम और रिंकू यादव की सराहनीय भूमिका रही।