जबलपुर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी परिवहन प्रकोष्ठ के नव नियुक्त शहर अध्यक्ष देवी सिंह पटेल एवं ग्रामीण अध्यक्ष सोनू रजक ने शनिवार को परिवहन प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नरिंदर सिंह पांधे से सौजन्य भेंट कर नियुक्ति के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों पदाधिकारियों का फूलमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत और सम्मान किया।प्रदेश अध्यक्ष नरिंदर सिंह पांधे ने दोनों अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए शीघ्र कार्यकारिणी गठन करने तथा परिवहन व्यवसायियों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों को विभिन्न स्तरों पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिनके निराकरण के लिए संगठन सक्रिय भूमिका निभाएगा।
श्री पांधे ने बताया कि परिवहन प्रकोष्ठ की शहर एवं ग्रामीण इकाइयों की संयुक्त टीमें प्रदेश के विभिन्न आरटीओ चेकिंग प्वाइंटों का औचक निरीक्षण करेंगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर स्थित पुलिस थानों में परिवहन व्यवसायियों से संबंधित शिकायतों की भी समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य परिवहन व्यवसायियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर उन्हें राहत दिलाना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य मुन्नी बाई, नीरज दुबे, पवन श्रीवास, करणप्रीत सिंह पांधे, आबिद भाई, कश्मीर सिंह सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।